श्रीलंकाई जलसीमा में घुसे आठ भारतीय मछुआरे गिरफ्तार, नौसेना ने नाव भी जब्त की; मन्नार में कार्रवाई

श्रीलंका से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी नाव को जब्त कर लिया। भारतीय मछुआरों पर आरोप है कि ये मछुआरे श्रीलंका की समुद्री सीमा में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे। यह कार्रवाई मन्नार के उत्तरी क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान की गई।

एक ट्रोलर समेत आठ मछुआरे हिरासत में
मामले में श्रीलंकाई नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि उत्तर-मध्य नौसेना कमान को भारतीय मछुआरों की कुछ नावें श्रीलंका की सीमा में मछली पकड़ते हुए नजर आईं। इसके बाद नौसेना ने अपनी इनशोर पेट्रोल क्राफ्ट तैनात कर उन्हें खदेड़ा और एक ट्रॉलर समेत 8 मछुआरों को हिरासत में ले लिया। अब इन मछुआरों को मन्नार मत्स्य निरीक्षक कार्यालय को सौंपा जाएगा, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

इससे पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारियां
बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री सीमा विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। दोनों देशों के मछुआरे कई बार गलती से एक-दूसरे की सीमाओं में घुस जाते हैं, जिससे विवाद होता है। पाक जलडमरूमध्य जो तमिलनाडु और श्रीलंका के बीच है, मछलियों की प्रचुरता के कारण मछुआरों के लिए आकर्षण का केंद्र है। इस जलसीमा में घुसपैठ को लेकर पहले भी श्रीलंकाई नौसेना भारतीय मछुआरों पर फायरिंग और नाव जब्त करने की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है, जिससे दोनों देशों के संबंधों में तनाव आता रहा है।

Related Articles

Back to top button