पीएम मोदी ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से की बात, कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट रहें

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार का जर्मनी के नए चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से बात की। पीएम मोदी ने मर्ज को पदभार ग्रहण करने की बधाई दी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों को लेकर विचार साझा किए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।
मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से बात की और उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इस दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।
इस महीने की शुरुआत में कंजर्वेटिव नेता फ्रेडरिक मर्ज जर्मनी के नए चांसलर बने हैं। मर्ज को पहले वोट में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन ‘दूसरे मौके’ के वोट में मर्ज ने 325 वोट हासिल किए, जबकि 289 सांसदों ने उनके खिलाफ वोट दिया। तब भी पीएम मोदी ने उनको बधाई दी थी।
फ्रेडरिक मर्ज का सफरनामा
फ्रेडरिक मर्ज का जन्म 11 नवंबर 1955 को जर्मनी के ब्रिलॉन शहर में हुआ था। वे 1972 से क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (सीडीयू) के सदस्य हैं। मर्ज ने 1975 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद सेना में सेवा दी और फिर कानून और राजनीति विज्ञान की पढ़ाई की। 1989 में वे यूरोपीय संसद के सदस्य बने और 1994 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वे जर्मनी की संसद (बुंडेस्टाग) में चुनकर आए और कई बड़े पदों पर रहे। मर्ज सीडीयू / सीएसयू दल के नेता भी रह चुके हैं और 2022 में उन्हें सीडीयू पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। 2021 में वे दोबारा संसद में लौटे और 2025 तक पार्टी के संसदीय दल के प्रमुख रहे। 6 मई 2025 को उन्होंने आधिकारिक रूप से जर्मनी के चांसलर पद की शपथ ली।