आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस: सीएम योगी बोले—बाबा साहब की हर मूर्ति के पास बनेगी सुरक्षा बाउंड्री वॉल

आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस: सीएम योगी बोले—बाबा साहब की हर मूर्ति के पास बनेगी सुरक्षा बाउंड्री वॉल
लखनऊ। डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में कई कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में पहुंचकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आंबेडकर की सभी मूर्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्थान पर सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल और जहां आवश्यकता होगी, वहां छत का निर्माण कराएगी।
योगी ने कहा कि कुछ स्थानों पर शरारती तत्वों द्वारा मूर्तियों से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए सरकार व्यापक कदम उठा रही है। “बाबा साहब की प्रतिमाएं हमारे सम्मान और सामाजिक न्याय की प्रेरणा हैं, उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है,” सीएम ने कहा।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के मानदेय पर जल्द फैसला
कार्यक्रम में डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल द्वारा संविदा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाए जाने पर सीएम योगी ने कहा कि नई कॉरपोरेशन व्यवस्था लागू होने के बाद आने वाले एक-दो महीनों में सभी चतुर्थ श्रेणी और संविदा कर्मियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी सुनिश्चित कर दी जाएगी। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताया।
योगी ने कहा कि वंचित तबकों को जो भी अधिकार और सम्मान आज मिल रहे हैं, वे बाबा साहब की विचारधारा की देन हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंचतीर्थों का निर्माण, छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार और सामाजिक न्याय के कई प्रयास आंबेडकर की सोच को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
पाठ्यक्रमों में संविधान की उद्देशिका शामिल करने की मांग
आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने सीएम से मुलाकात में सुझाव दिया कि सरकारी पाठ्यक्रमों में संविधान की उद्देशिका, मौलिक अधिकार, कर्तव्य, नीति निर्देशक तत्व, संघीय ढाँचा और न्यायपालिका की स्वतंत्रता जैसे विषयों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि छात्रों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़े।
बसपा प्रमुख मायावती ने रद्द की नोएडा रैली
परिनिर्वाण दिवस के मौके पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने नोएडा में प्रस्तावित अपनी रैली रद्द कर दी। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था के कारण कार्यक्रम स्थलों पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों को असुविधा होती है, इसलिए वह अपने आवास पर ही बाबा साहब को श्रद्धांजलि देंगी।
मायावती ने कहा कि बाबा साहब की जयंती और पुण्यतिथि पर स्मारकों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और ऐसे समय पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंधन लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है।
सपा का कार्यक्रम रद्द, पार्टी ने जताई नाराजगी
डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समाजवादी पार्टी का कार्यक्रम आयोजित होना था, लेकिन प्रशासन से अनुमति न मिलने पर सपा ने कड़ा विरोध जताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद आर.के. चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक दबाव में कार्यक्रम रद्द कराया है। उन्होंने इसे “अलोकतांत्रिक और बाबा साहब के प्रति दुर्भावनापूर्ण रवैया” बताया।
सपा नेताओं ने कहा कि भाजपा बाबा साहब के नाम का उपयोग केवल वोटों के लिए करती है, जबकि वास्तविक सरोकारों से दूरी बनाए रखती है। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी अलग-अलग स्थानों पर जाकर परिनिर्वाण दिवस के कार्यक्रम करेगी।





