BCCI Awards 2026: शुभमन गिल को सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर, बिन्नी-द्रविड़-मिताली को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
15 मार्च को नई दिल्ली में होगा पुरस्कार समारोह, गिल ने दोबारा जीता ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नमन अवॉर्ड 2026 की घोषणा कर दी है। इस वर्ष टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई का प्रतिष्ठित ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड दिया जाएगा। महिलाओं में स्मृति मंधाना को पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
शुभमन गिल का शानदार प्रदर्शन
26 वर्षीय गिल ने 2025 में टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कुल 983 रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 754 रन शामिल थे। उनका टेस्ट औसत 70 से अधिक रहा। वनडे में उन्होंने 490 रन बनाए, जिसमें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के दौरान 188 रन शामिल हैं। कुल मिलाकर, गिल ने 2025 में सभी फॉर्मेट में 1,764 रन बनाए, जिनमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
आईपीएल में भी गिल ने गुजरात टाइटंस के लिए कप्तानी करते हुए 650 रन बनाए और लगभग 50 के औसत से शानदार प्रदर्शन किया। यह दूसरी बार है जब गिल को ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड मिला है, जिससे वे सचिन तेंदुलकर और रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर लेंगे।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
पूर्व भारतीय खिलाड़ी रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को कर्नल सी.के. नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं में यह पुरस्कार मिताली राज को दिया जाएगा। बिन्नी बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि द्रविड़ के कोचिंग कार्यकाल में भारत ने 2024 टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। मिताली को महिला क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
अन्य युवा खिलाड़ियों को सम्मान
-
आयुष म्हात्रे – अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद घरेलू सीमित ओवर टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर (लाला अमरनाथ अवॉर्ड)
-
हर्ष दुबे – 2024-25 रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर




