लखनऊ: भाजपा नेता शिवम सिंह हत्याकांड में CCTV से मिले अहम सुराग, चार आरोपियों की तलाश तेज

विभूतिखंड के जलवा क्लब के बाहर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर चार नए संदिग्धों की पहचान की है।

लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में भाजपा नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस जांच अब और तेज हो गई है। जलवा क्लब के बाहर हुई इस वारदात के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर चार और संदिग्ध आरोपियों की पहचान की गई है। पुलिस अब इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जांच अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को यह जानकारी मिली कि घटना के समय मौके पर कुछ और युवक भी मौजूद थे। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने चार नए संदिग्धों को चिन्हित किया है। इनकी तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।

इस मामले में मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी अनुज सिंह को पहले ही चंदौली के मुगलसराय इलाके से गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ था। इसके अलावा अलीगंज निवासी शांतनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और आजमगढ़ निवासी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

शिवम सिंह अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के रामनगर धौरहरा के रहने वाले थे और भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्य थे। वह 25 मई की रात अपने दोस्तों के साथ विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब आए थे। 26 मई की सुबह करीब तीन बजे क्लब से बाहर निकलते समय सिगरेट पीने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड के बाद पुलिस-प्रशासन पहले ही सख्त कार्रवाई कर चुका है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री स्तर तक नाराजगी जताई गई थी और कई पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई थी। अब पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान पूरी तरह स्पष्ट होते ही जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button