तुगलकाबाद में भीषण आग का कहर: धुएं से घिरी इमारत में तीन की मौत, आठ लोगों को बचाया गया

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में तड़के बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोविंदपुर स्थित गली नंबर-1 के नया तारा अपार्टमेंट के पास एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:31 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग से उठने वाला घना धुआं पूरी इमारत में फैल गया और कई लोग अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने साहसिक अभियान चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।

इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं झुलस गईं। घायलों में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से आग से बचाव के उपायों को अपनाने और आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button