नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में मां-बाप से मांगी माफी
दिल्ली के पालम इलाके में घटना, परीक्षा तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी छात्रा
दिल्ली-एनसीआर के दक्षिण-पश्चिम जिले के पालम क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा रेणु ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा ने 3 मई को नीट परीक्षा दी थी। परीक्षा को लेकर चल रही अनिश्चितताओं और बाद में परीक्षा रद्द होने की खबरों से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
परिजनों के अनुसार, रेणु पढ़ाई में मेहनती थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। लेकिन परीक्षा से जुड़े तनाव और लगातार बढ़ते दबाव ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया। घटना के बाद जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है और लिखा है कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




