आईआरएस अधिकारी की बेटी दुष्कर्म-हत्या केस: 900 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, फोरेंसिक रिपोर्ट बनी सबसे बड़ा सबूत
70 से अधिक गवाहों के बयान, डीएनए और वैज्ञानिक साक्ष्य अदालत में पेश; साकेत कोर्ट में मामले की सुनवाई शुरू
दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के बहुचर्चित मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ करीब 900 पन्नों की चार्जशीट साकेत कोर्ट में दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में 70 से अधिक गवाहों के बयान, डीएनए रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को शामिल किया गया है। पुलिस का दावा है कि ये सबूत आरोपी के खिलाफ बेहद मजबूत आधार प्रस्तुत करते हैं।
जांच के अनुसार आरोपी राहुल मीणा ने युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया था।
चार्जशीट में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट को सबसे अहम साक्ष्य बताया गया है। जांच में मृतका के शरीर से मिले रक्त और सीमेन के नमूनों का डीएनए आरोपी से मेल खाने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा घटनास्थल से बरामद अन्य सबूतों ने भी पुलिस की जांच को मजबूती दी है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्य इस मामले में अभियोजन पक्ष के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अब साकेत कोर्ट में चार्जशीट पर सुनवाई के साथ आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू होगी।



