ई-20 के विरोध में ‘आप’ का मार्च रोका, पीएम आवास जाने से पहले धरने पर बैठे केजरीवाल
2.33 लाख हस्ताक्षरों वाली याचिका लेकर निकले थे, पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ करीब सवा घंटे का प्रदर्शन
नई दिल्ली। ई-20 पेट्रोल के विरोध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकले, लेकिन दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल और पार्टी नेताओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन करीब सवा घंटे तक चला।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि वह ई-20 पेट्रोल नीति के विरोध में 2.33 लाख लोगों के हस्ताक्षरों वाली याचिका प्रधानमंत्री को सौंपने जा रही थी। पार्टी मुख्यालय से दोपहर 12 बजे शुरू हुए मार्च में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नीति वापस लेने की मांग की।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और अनुमति का हवाला देते हुए मार्च को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी। प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी याचिका और मांगों को प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा दिया जाएगा।
पुलिस के इस आश्वासन के बाद अरविंद केजरीवाल ने धरना और मार्च समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल के खिलाफ पार्टी का आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक बनाया जाएगा।
ई-20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है। पार्टी का कहना है कि इस नीति से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जबकि सरकार का पक्ष है कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन से आयातित तेल पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।




