एअर इंडिया का बड़ा फैसला, 24 अक्टूबर तक सऊदी अरब की उड़ानें रद्द
रियाद, जेद्दा और दमाम जाने वाले यात्रियों को राहत; पूरा रिफंड लेने और बिना अतिरिक्त शुल्क यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प
नई दिल्ली । सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों पर हमलों और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों एयरलाइंस ने रियाद, जेद्दा और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों पर रोक 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी है। उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लेने या यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया गया है।
एयरलाइन के अनुसार, 15 अक्टूबर या उससे पहले जारी कन्फर्म टिकट वाले पात्र यात्री, जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर के बीच निर्धारित थी, 10 नवंबर तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क तारीख बदलवा सकते हैं।
यात्री वैकल्पिक रूप से खाड़ी क्षेत्र के दूसरे शहरों से भी यात्रा की री-बुकिंग करा सकते हैं। एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा का विकल्प चुन सकते हैं, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को कई अन्य शहरों से यात्रा की सुविधा मिल सकती है। वैकल्पिक शहर तक पहुंचने की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी।





