पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में हलचल, केसी वेणुगोपाल ने नेताओं को एकजुट रहने की दी नसीहत

हारे हुए उम्मीदवारों से हार के कारण पूछे, राजा वड़िंग को अनुशासन में रहने की सलाह; राहुल, प्रियंका और खरगे भी करेंगे पंजाब का दौरा

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के साथ कई बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने चुनाव हार चुके उम्मीदवारों से हार के कारणों और उनके क्षेत्रों की चुनौतियों के बारे में जानकारी ली, ताकि संगठन की कमजोरियों को दूर किया जा सके।

बैठक में वेणुगोपाल ने वरिष्ठ नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सत्ता में वापसी के लिए आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से ही बनेगा और चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को भी अनुशासन बनाए रखने और पार्टी को मजबूत करने की सलाह दी गई। बैठक में सर्वेक्षणों की रिपोर्ट, चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा हुई। कांग्रेस पंजाब में दो और सर्वेक्षण कराएगी। इसके अलावा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क के लिए ‘कनेक्ट रूम’ बनाने की तैयारी है। राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी पंजाब का दौरा करेंगे।

Related Articles

Back to top button