लखनऊ में घर बनाने का सपना होगा पूरा, एलडीए की चार नई योजनाओं में मिलेंगे दो लाख भूखंड
वेलनेस सिटी, आईटी सिटी, वशिष्ठपुरम और प्रबंधनगर में विकसित होंगी आवासीय योजनाएं, दो से तीन महीने में शुभारंभ की तैयारी।
लखनऊ: राजधानी में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) जल्द ही चार नई आवासीय योजनाएं शुरू करने की तैयारी में है। इन योजनाओं के तहत करीब दो लाख भूखंड विकसित किए जाएंगे, जिससे लगभग आठ लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
इनमें सुल्तानपुर रोड स्थित वेलनेस सिटी और आईटी सिटी, आगरा एक्सप्रेसवे के पास वशिष्ठपुरम तथा सीतापुर रोड पर प्रबंधनगर योजना शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन योजनाओं को अगले दो से तीन महीने में शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रस्तावित दरों के अनुसार, वेलनेस सिटी में भूखंड की कीमत करीब 5,500 रुपये, आईटी सिटी में 4,200 रुपये, वशिष्ठपुरम में 2,800 रुपये और प्रबंधनगर में 4,500 रुपये प्रति वर्गफुट रहने का अनुमान है। प्राधिकरण का लक्ष्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।





