38 एकड़ जमीन के विवाद में युवा कांग्रेस नेता की पीट-पीटकर हत्या, पिता पर भी कुल्हाड़ी से हमला
हरियाणा के सिरसा में खेत से लौट रहे पिता-पुत्र पर हमला, सौतेले भाई समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज; दो महीने पहले जताई थी जान को खतरे की आशंका।
सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में जमीन विवाद को लेकर युवा कांग्रेस के हलकाध्यक्ष लवप्रीत सिंह की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह खेत से घर लौटते समय उन पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में उनके पिता नाजम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, परिवार में 38 एकड़ जमीन को लेकर लवप्रीत और उनके सौतेले भाई गुरलाल सिंह के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरलाल अपने कुछ परिचितों के साथ मौके पर पहुंचा और पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लवप्रीत को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि लवप्रीत ने दो महीने पहले ही पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया था। पुलिस ने सौतेले भाई समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




