चुनाव आयोग का बड़ा निर्देश, चुनावी ड्यूटी में तैनात सेवानिवृत्त अधिकारियों पर भी लागू होंगे आचार संहिता के नियम

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को आदेश जारी, राजनीतिक गतिविधियों और चुनाव प्रचार से रहना होगा दूर

दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावी ड्यूटी में लगाए जाने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी सरकारी कर्मचारियों की तरह आदर्श आचार संहिता के नियमों का पालन करना होगा।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के मुख्य सचिवों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं। आयोग के आदेश के मुताबिक, चुनावी जिम्मेदारी निभाने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता के साथ अपना काम करना होगा।

उन्हें किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने और चुनाव प्रचार करने से दूर रहना होगा। चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष में काम करने की अनुमति नहीं होगी।

निर्वाचन आयोग ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इस निर्देश का उद्देश्य चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button