लखनऊ में वकीलों का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े अधिवक्ता

अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग पर सड़कों पर उतरे वकील, हजरतगंज में पुलिस से धक्कामुक्की और जमकर नारेबाजी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कैसरबाग न्यायालय परिसर से शुरू हुआ अधिवक्ताओं का पैदल मार्च परिवर्तन चौक और अटल चौक होते हुए हजरतगंज पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी।

प्रदर्शन के दौरान कुछ अधिवक्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस और वकीलों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।

वकीलों का कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द लागू किया जाना चाहिए। विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस ने पूरे मार्ग पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया था। कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा के गेट नंबर दो तक भी अधिवक्ता पहुंच गए।

Related Articles

Back to top button