भाजपा ने यूपी में बदले संगठन प्रभारी

दिलीप पटेल को अवध की कमान, छह क्षेत्रीय और सात मोर्चा प्रभारियों की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी अभियानों को गति देने के लिए क्षेत्रीय एवं मोर्चा प्रभारियों की नई सूची जारी की है। पार्टी की ओर से जारी सूची में छह नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारियों के बाद पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

सूची के अनुसार रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र, शंकर लोधी को कानपुर क्षेत्र और दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रमेश सिंह को काशी तथा अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा ने क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ विभिन्न मोर्चों के लिए भी जिम्मेदारियां तय की हैं। राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी का फोकस अब क्षेत्रीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने और संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर रहेगा।

अवध क्षेत्र भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में दिलीप पटेल को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नई नियुक्तियों को पार्टी की आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियानों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button