भाजपा सरकार माफियाओं की सरकार, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा शासन में आम जनता परेशान, भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ी।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार माफियाओं की सरकार बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार अब तक की सबसे अराजक और सबसे भ्रष्ट सरकार है, जिसकी नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और आम जनता परेशान है।शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार टैक्स लगाकर महंगाई बढ़ा रही है। आज ही एलपीजी गैस के दाम 60 रुपये बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी वस्तु की कीमत एक बार बढ़ जाती है तो वह कम नहीं होती, जिससे आम लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जाता है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक गाना लॉन्च कराया गया है। समाजवादी पार्टी की ओर से उस गाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का विजन विकास, नौकरी और रोजगार पर आधारित है। समाजवादी सरकार के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में देश का बेहतरीन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया गया, मुख्यमंत्री कार्यालय लोकभवन का निर्माण कराया गया, विश्व स्तरीय कैंसर संस्थान स्थापित किया गया और गोमती नदी पर देश का बेहतरीन रिवरफ्रंट विकसित किया गया। इसके अलावा लगभग 20 लाख छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए, 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की गईं तथा 1090 वीमेन हेल्पलाइन सेवा लागू की गई। जिलों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने सहित कई बड़े फैसले समाजवादी सरकार में लिए गए।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट लगाए गए। एटा, ललितपुर, कानपुर, झांसी और सोनभद्र में बिजली परियोजनाएं स्थापित की गईं और बिजली उत्पादन, वितरण तथा ट्रांसमिशन के क्षेत्र में बड़े कार्य हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल में बिजली का एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपनी विदाई से पहले जापान घूमने गए थे, लेकिन क्योटो देखने नहीं गए। जो मुख्यमंत्री ट्रेन की बढ़ती रफ्तार देखकर ताली बजाते हैं, वे प्रदेश का क्या विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबका साथ लेकर पीडीए की सरकार बनाएगी और सभी को सामाजिक न्याय दिलाते हुए सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी।चुनाव आयोग को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने आवाज न उठाई होती तो भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की तैयारी कर चुकी थी। उन्होंने चुनाव आयोग से पूछा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रिंटेड फॉर्म-7 कहां से आए। सुल्तानपुर में नंदलाल के नाम से वोट कटवाने के लिए हस्ताक्षर किसने किए और सरोजनीनगर में दशरथ के नाम से बड़ी संख्या में वोट कौन कटवा रहा था। उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव आयोग ने इन मामलों की जांच की और क्या किसी के खिलाफ कार्रवाई हुई।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार होली के आयोजन में व्यस्त रही और जनता दर्शन में अपनी फरियाद लेकर आए एक व्यक्ति की मौत हो गई, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। शंकराचार्य से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शंकराचार्य केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था और विचार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शंकराचार्य का अपमान किया और उन पर झूठे आरोप लगाकर सनातन धर्म की भी छवि खराब करने का प्रयास किया।विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में गए जो भी भारतीय अपने देश वापस आना चाहते हैं, उन्हें वापस लाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि भारत की विदेश नीति को प्रभावित करने की कोशिशें बाहर से हो रही हैं। भारत की विदेश नीति भारत सरकार और भारत के लोग ही तय करेंगे, कोई अन्य देश नहीं। रूस से तेल आयात के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र है और अगर वहां से सस्ता तेल मिल रहा है तो सरकार को और अधिक तेल आयात करना चाहिए। इस मुद्दे को लोकसभा में भी उठाया जाएगा।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के बजट का बड़ा हिस्सा विकास कार्यों पर खर्च नहीं हो रहा बल्कि उसमें व्यापक लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि बजट का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा सत्ता से जुड़े लोग आपस में बांट लेते हैं, जबकि शेष राशि इंजीनियरों और ठेकेदारों में बंट जाती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में इतनी लूट पहले किसी सरकार में नहीं हुई।उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांवों और गरीबों के बीच जाकर पीड़ित और शोषित लोगों को एकजुट करें। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है और इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा का नामोनिशान नहीं रहेगा।इस अवसर पर विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद एवं पूर्व एमएलसी अरविन्द कुमार सिंह, समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. पाण्डेय, राजन त्रिवेदी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




