सीजेपी का किसानों की ओर रुख, राकेश टिकैत से मुलाकात कर मांगा समर्थन
छात्र आंदोलन के बाद अब किसान और युवा मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी में जुटी पार्टी
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अब अपने आंदोलन का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के प्रवक्ताओं ने भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत से मुलाकात कर किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर समर्थन मांगा है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब सीजेपी ने हाल ही में छात्र आंदोलन को स्थगित किया था और अब सामाजिक मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान चलाने के संकेत दिए हैं।
सीजेपी नेताओं के अनुसार, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों के साथ अब किसानों और युवाओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि बेरोजगारी, युवाओं पर दर्ज मुकदमों और किसानों की समस्याओं को लेकर साझा मंच तैयार किया जाएगा।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं हुई और दर्ज मामलों को वापस नहीं लिया गया तो पार्टी दोबारा आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान युवाओं को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। सीजेपी नेताओं को उम्मीद है कि भारतीय किसान यूनियन के साथ मिलकर आगे किसानों और युवाओं के मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
राकेश टिकैत के साथ हुई इस मुलाकात को सीजेपी की रणनीति में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी अब केवल शिक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित न रहकर किसान और युवा वर्ग के सवालों को भी अपने एजेंडे में शामिल करने की तैयारी में है।



