पंचकूला के स्कूल में आठ साल के बच्चे की हैवानियत, छह साल की बच्ची को ईंटों से पीटा
खाली कक्षा में ले जाकर बेंच पर पटका सिर, बेहोश होने तक करता रहा हमला; पीजीआई चंडीगढ़ में बच्ची का इलाज जारी
हरियाणा के पंचकूला स्थित एक सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ साल के छात्र ने बच्ची को बहाने से पहली मंजिल पर बने खाली कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा। उसने बच्ची का सिर बेंच पर पटका और ईंट से सिर व चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद लातों से भी हमला किया। बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी छात्र उसे कमरे में छोड़कर नीचे चला गया।
घटना 28 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे की है। छुट्टी के बाद बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में वह घायल अवस्था में कक्षा में मिली। गंभीर हालत में उसे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पिता के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की है और दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी घटना का संज्ञान लिया है।


