मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज, बोले- अब आलू से सोना नहीं, बन रहे फ्रेंच फ्राइज
गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री ने 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात, किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी की जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अब आलू से सोना नहीं, बल्कि फ्रेंच फ्राइज बन रहे हैं। प्रधानमंत्री दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य को करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
मोदी ने 325 करोड़ रुपये की लागत से बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है और आधुनिक तकनीक से देसी पशुओं की नस्ल सुधारने तथा दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद करेगा।
प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की। उन्होंने कहा कि कृषि बजट वर्ष 2013-14 के मुकाबले पांच गुना से अधिक बढ़ा है। उन्होंने खेती और पशुपालन को तकनीक से जोड़ने पर भी जोर दिया।

