योगी बोले- यूपी में अब रातभर गुलजार रहते हैं बाजार, व्यापारियों और महिलाओं के मन से खत्म हुआ खौफ

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था में सुधार का किया दावा, बोले- 2017 में 13 प्रतिशत थी महिला श्रम भागीदारी, अब बढ़कर 36 प्रतिशत हुई

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि अब प्रदेश के बाजार रात में भी गुलजार रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित हो जाती थीं। महिलाओं की देर रात तक काम करने को लेकर परिवारों में भी चिंता बनी रहती थी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। अपराधियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश की महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, सुरक्षित माहौल से व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं।

Related Articles

Back to top button