सीएम धामी ने 11 स्वच्छ ईंधन वाहनों को दिखाई हरी झंडी, लाभार्थियों को दिए सब्सिडी चेक
देहरादून में स्वच्छ गतिशीलता नीति के तहत छह वाहन स्वामियों को मिला अनुदान, पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड सरकार ने स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग ने पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को स्वच्छ, आधुनिक और टिकाऊ परिवहन प्रणाली की ओर ले जाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
धामी ने कहा कि स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों के उपयोग से शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण कम होगा और डीजल चालित वाहनों पर निर्भरता घटेगी। इससे पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित विकास और सतत परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से स्वच्छ ऊर्जा आधारित सार्वजनिक परिवहन को नई गति मिलेगी और उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल के रूप में उभरेगा।


