फ्रेडरिक मर्ज का भारत दौरा: पीएम मोदी ने कराया साबरमती आश्रम दर्शन और अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग
जर्मन चांसलर अभिभूत, भारतीय-गुजराती संस्कृति और गांधी के आदर्शों से हुए प्रभावित

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यह यात्रा 12-13 जनवरी 2026 तक जारी है। सोमवार सुबह दोनों नेताओं ने साबरमती आश्रम का दौरा किया और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनका सम्मान किया।
चांसलर मर्ज ने गेस्ट बुक में लिखा कि “महात्मा गांधी की अहिंसा की अवधारणा, स्वतंत्रता की शक्ति में उनका विश्वास और हर व्यक्ति की गरिमा में उनकी आस्था आज भी लोगों को प्रेरित करती है। यह मानसिकता न्याय और संवाद को बढ़ावा देती है और दुनिया में आशा जगाती है। गांधी के आदर्शों की आज पहले से कहीं ज्यादा आवश्यकता है।” इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी की तस्वीर पर सूत चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
आश्रम के दौरे के बाद दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे और अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 में हिस्सा लिया। महोत्सव में 50 देशों के 135 किटिस्ट और लगभग 1,000 भारतीय पतंग प्रेमी शामिल हुए हैं। पीएम मोदी और चांसलर मर्ज ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया, पतंग उड़ाने का आनंद लिया और महिला कारीगरों से बातचीत कर उनकी कला को समझा।
इसके अलावा, महोत्सव से पहले किटिस्टों ने राजकोट, सूरत, धोलाविरा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। महोत्सव अहमदाबाद में 14 जनवरी तक जारी रहेगा और पिछले साल यहां 3.83 लाख से अधिक पर्यटक शामिल हुए थे।
फ्रेडरिक मर्ज इस दौरे में भारतीय संस्कृति, गांधी के सिद्धांत और गुजरात की पारंपरिक कला से विशेष रूप से प्रभावित दिखे, जबकि पीएम मोदी ने उनके अनुभव को साझा करते हुए भारतीय और गुजराती संस्कृति की बारीकियों के बारे में जानकारी दी।

