संध्या थिएटर भगदड़ केस: कोर्ट में वर्चुअली पेश हुए अल्लू अर्जुन, 29 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
'पुष्पा 2' प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की, अन्य आरोपियों की गैरहाजिरी से टली सुनवाई
फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ से जुड़े संध्या थिएटर भगदड़ मामले में सोमवार को हैदराबाद की नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। अभिनेता अल्लू अर्जुन मुंबई से वर्चुअली अदालत में पेश हुए। वहीं, मामले के अन्य कुछ आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं हो सके, जिसके चलते कोर्ट ने अगली सुनवाई 29 जुलाई के लिए निर्धारित कर दी।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने मामले में अपनी चार्जशीट भी अदालत के समक्ष पेश की। अल्लू अर्जुन की लीगल टीम ने बताया कि बाकी आरोपियों की ओर से गैरहाजिरी की अर्जी दाखिल की जाएगी, इसलिए अदालत ने सुनवाई आगे बढ़ाने का फैसला लिया।
यह मामला 4 दिसंबर 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2’ के स्पेशल प्रीमियर शो के दौरान मची भगदड़ से जुड़ा है। घटना में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर विभिन्न आरोपों के तहत केस दर्ज किया था।
अब इस बहुचर्चित मामले में सभी की नजरें 29 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत आगे की कानूनी प्रक्रिया पर फैसला करेगी।


