उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार; मैदानों में बढ़ेगी ठंड
उत्तरकाशी, चमोली समेत पांच जिलों में बारिश की संभावना, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान
उत्तराखंड में मौसम करवट लेने वाला है। पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा और तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 से 29 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 30 अक्टूबर से मौसम फिर बदल सकता है। लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी जाती है।



