दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण का कहर जारी, AQI 228 के साथ हवा की गुणवत्ता ‘खराब’
DTU में 331 पहुंचा एक्यूआई, आनंद विहार और नॉर्थ कैंपस समेत कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार
राजधानी दिल्ली में मौसम में बदलाव के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर लगातार खराब बना हुआ है। बुधवार सुबह भी दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 6 बजे तक राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 228 दर्ज किया गया। यह स्तर खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदूषण की स्थिति और भी चिंताजनक रही। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में सबसे ज्यादा 331 AQI दर्ज किया गया। वहीं, आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 और नॉर्थ कैंपस में 314 रहा। इसके अलावा इग्नू-मैदानगढ़ी और बुराड़ी क्रॉसिंग में भी AQI 304-304 दर्ज किया गया।
वहीं, अशोक विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 224 रहा। हालांकि यह अन्य प्रदूषित इलाकों के मुकाबले कम है, लेकिन फिर भी खराब श्रेणी के करीब है।
ठंड बढ़ने और प्रदूषण का स्तर ऊंचा रहने के कारण दिल्ली की आबोहवा लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।





