दिल्ली में युवती की बेरहमी से हत्या, शोरूम में बाल पकड़कर घसीटा और गला रेता
मोती नगर के कपड़ों के शोरूम में 19 वर्षीय शबनम की हत्या, शादी से इनकार बना वारदात की वजह; सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपी सूरज गिरफ्तार।
दिल्ली के मोती नगर में एक कपड़ों के शोरूम के अंदर 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी बहन के देवर सूरज को गिरफ्तार किया है।
घटना शनिवार रात की है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी शबनम को पीटते और बाल पकड़कर घसीटते दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इसके बाद उसने चेंजिंग रूम में धारदार हथियार से शबनम का गला रेत दिया।
रात करीब नौ बजे कर्मचारियों को चेंजिंग रूम में उसका खून से लथपथ शव मिला। परिवार का आरोप है कि शबनम द्वारा शादी से इनकार करने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी पहले भी शबनम के साथ मारपीट कर चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



