राजस्थान में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश का खुलासा, पाकिस्तानी एजेंट के इशारे पर हुआ धमाका
30 हजार रुपये लेकर रची थी साजिश, पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार; तीन बार की थी रेकी, दो प्रयास रहे नाकाम
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में एटीएस और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि 21 वर्षीय महकदीप कौर पाकिस्तान के एजेंट शाह के संपर्क में थी। आरोप है कि उसी के इशारे पर 30 हजार रुपये लेकर महकदीप और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचकर रेलवे ट्रैक की रेकी की थी। शुरुआती दो प्रयास नाकाम रहे, जबकि 3 नवंबर को रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव में रेलवे लाइन पर विस्फोट किया गया। धमाके से पटरी के बीच दो से तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया और दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और विस्फोट के लिए मिले 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां अब पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े नेटवर्क और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।


