ऑनलाइन लेनदेन से खुला आतंकी फंडिंग नेटवर्क, जेल में बंद आतंकियों तक पहुंच रहा था पैसा

शोपियां में लश्कर-ए-ताइबा और टीआरएफ से जुड़े 10 मददगार गिरफ्तार, स्मार्टफोन और अन्य सुविधाएं पहुंचाने का भी आरोप

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में पुलिस ने आतंकी फंडिंग से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के लश्कर-ए-ताइबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आम लोगों से गुप्त रूप से धन जुटाकर ऑनलाइन भुगतान माध्यमों के जरिए आतंकियों तक पहुंचाते थे। संदिग्ध लेनदेन की जांच के दौरान इस नेटवर्क की कई वित्तीय कड़ियों का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपियों के संपर्क अलग-अलग जेलों में बंद आतंकियों और उनके सहयोगियों से थे।

आरोप है कि जुटाई गई रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाता था। इसमें स्मार्टफोन पहुंचाना भी शामिल था। इस मामले में शोपियां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button