पाकिस्तान के इशारे पर रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, 30 हजार में हुआ सौदा; महिला समेत दो गिरफ्तार
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे लाइन पर विस्फोट मामले में एटीएस की कार्रवाई, पंजाब के गुरुदासपुर से पकड़े गए दोनों आरोपी।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में एटीएस और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसियों ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जांच के अनुसार, महकदीप पाकिस्तान के शाह नामक एजेंट के संपर्क में थी। आरोप है कि एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराने के लिए दोनों को 30 हजार रुपये दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास धमाका हुआ था। इससे रेलवे ट्रैक पर दो से तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया और स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी इससे पहले भी दो बार साजिश को अंजाम देने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन नाकाम रहे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो हथियार और 46 कारतूस भी बरामद किए हैं। अब एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।
