बर्फ की सफेद चादर में ढका बाबा केदार का धाम, कड़ाके की ठंड में भी श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार
केदारनाथ में लगातार बर्फबारी से खूबसूरती बढ़ी, 29 अक्टूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, अब तक 18.60 लाख से अधिक भक्त पहुंचे
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को भी धाम में लगातार बर्फबारी जारी रही। चारों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियां और बीच में स्थित बाबा केदार का मंदिर श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।
लगातार गिरते तापमान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही अब तक धाम पहुंचने वाले भक्तों की कुल संख्या 18,60,360 हो गई है।




