महादेव सट्टा ऐप पर सीबीआई का बड़ा प्रहार, छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले अहम सुराग, डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त; हवाला नेटवर्क और अवैध लेनदेन की जांच तेज
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
सीबीआई के मुताबिक, जांच में सट्टेबाजी की रकम के लेनदेन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। कई स्थानों पर अवैध सट्टेबाजी के पैनल भी चलते पाए गए, जिन्हें बंद कराया गया।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में देशभर में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं। फिलहाल सीबीआई विदेश में बैठे लोगों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।




