मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भावुक हुए अखिलेश, पिता से मिलीं जीवन की दो बड़ी सीख साझा कीं
नेताजी को नमन कर समाजवादी विचारधारा और मानवीय मूल्यों पर चलने का संकल्प दोहराया, बोले— जरूरतमंद की मदद और रिश्तों को जोड़ना ही सच्ची श्रद्धांजलि।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने अपने पिता से मिली जीवन की दो महत्वपूर्ण सीख साझा कीं। अखिलेश ने कहा कि किसी व्यक्ति के बुरे समय में उसके साथ खड़े होना और मदद की उम्मीद लेकर आए हर जरूरतमंद की यथासंभव सहायता करना ही सच्ची मानवीय संवेदना है। उन्होंने दूसरी सीख बताते हुए कहा कि परिस्थितियों और गलतफहमियों के कारण कोई व्यक्ति भले ही आपके खिलाफ हो जाए, लेकिन यदि वह सच्चे मन से रिश्ते सुधारने की पहल करे तो उसका हाथ थामने में पीछे नहीं हटना चाहिए। अखिलेश ने नेताजी के समाजवादी सिद्धांतों, मानवीय मूल्यों और विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद और रिश्तों में उदारता बनाए रखना ही मुलायम सिंह यादव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।



