यूपी में आज से स्वगणना शुरू, सीएम योगी करेंगे शुरुआत
30 नवंबर तक घर बैठे भर सकेंगे जनगणना का फॉर्म, जानिए कौन-सी 40 जानकारियां देनी होंगी और किन गोपनीय जानकारियों को साझा करने से बचना है।
उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लोकभवन में इस अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेशवासी 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार और मकान की जानकारी दर्ज करा सकेंगे।
इसके लिए परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन कर घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। जनगणना में कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें नाम, उम्र, धर्म, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।
फॉर्म जमा करने पर स्वगणना पहचान संख्या मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बैंक खाते का पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन स्वगणना अनिवार्य नहीं है।




