शादी में बांटे 10 किलो सोने के उपहार, दिवाली पर भी लुटाया गोल्ड; आयकर विभाग के रडार पर कारोबारी
मथुरा के रियल एस्टेट कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी, होटल और जमीन के कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच
उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक रियल एस्टेट कारोबारी आयकर विभाग के निशाने पर आ गए हैं। बताया जा रहा है कि कारोबारी ने पिछले महीने जयपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मेहमानों को करीब आठ से दस किलो सोने से बने उपहार बांटे थे। दिवाली पर भी स्वर्ण उपहार देने की चर्चा सामने आई थी। इसके बाद आयकर विभाग की नजर उन पर पड़ी।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने मथुरा, वृंदावन और अन्य स्थानों पर कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान होटल, रियल एस्टेट और सराफा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
अधिकारियों ने कारोबारी रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन, होटल बुकिंग, जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज खंगाले। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर आगरा के कमला नगर स्थित एक होटल कारोबारी के आवास पर भी टीम पहुंची। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है।




