अमेरिका के बड़े बैंकिंग नेटवर्क पर साइबर हमला, जेपी मॉर्गन, वीजा और मास्टरकार्ड से जुड़े हजारों ग्राहकों का डेटा लीक
थर्ड-पार्टी सेवा प्रदाताओं को बनाया निशाना, ग्राहकों के नाम, ईमेल और फोन नंबर हुए उजागर; बैंकिंग और भुगतान सेवाएं सामान्य।
अमेरिका के बड़े वित्तीय संस्थानों से जुड़े सेवा प्रदाताओं पर साइबर हमले का मामला सामने आया है। इस हमले में जेपी मॉर्गन चेस, वीजा और मास्टरकार्ड से जुड़े हजारों ग्राहकों की निजी जानकारियां लीक होने की खबर है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने कंपनियों के बाहरी सेवा प्रदाताओं के पास मौजूद विपणन संबंधी आंकड़ों में सेंध लगाई। लीक हुई जानकारी में ग्राहकों और कुछ बैंक कर्मचारियों के नाम, ईमेल पते और कुछ मामलों में फोन नंबर शामिल हैं।
हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना से बैंकिंग सेवाओं और भुगतान व्यवस्था पर सीधा असर नहीं पड़ा है। कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि उनके मुख्य लेनदेन तंत्र सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
जेपी मॉर्गन प्रभावित ग्राहकों से संपर्क कर रहा है और उन्हें निःशुल्क ऋण निगरानी सुविधा देने की बात कही है। इस घटना ने वित्तीय संस्थानों के साथ काम करने वाली बाहरी कंपनियों की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



