प्रयागराज में जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के 110 चोरी के मोबाइल बरामद
ट्रेनों और रेलवे स्टेशन के आसपास से चोरी हुए थे मोबाइल, पुलिस ने वास्तविक मालिकों को सौंपे फोन
प्रयागराज में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को मोबाइल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी प्रयागराज ने अभियान चलाकर चोरी और गुम हुए 110 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ये मोबाइल फोन ट्रेनों और रेलवे स्टेशन के आसपास बने सर्कुलेटिंग एरिया से चोरी हुए थे। मोबाइल चोरी की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुए इन फोन को बरामद किया।
इसके बाद जीआरपी ने बरामद किए गए सभी 110 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
जीआरपी की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को मजबूती मिली है।





