बुजुर्ग महिला की नाक में मिले 60 जिंदा कीड़े, जांच के बाद डॉक्टर भी रह गए हैरान
नाक से खून और असहनीय दर्द से परेशान थी 70 वर्षीय महिला, दमोह जिला अस्पताल में दूरबीन तकनीक से दो चरणों में निकाले गए मक्खी के लार्वा
मध्य प्रदेश के दमोह से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की नाक से डॉक्टरों ने मक्खी के 60 जीवित लार्वा निकाले हैं। महिला काफी समय से नाक में तेज दर्द और लगातार खून बहने की समस्या से परेशान थीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने दूरबीन तकनीक से जांच की तो नाक के अंदर बड़ी संख्या में जीवित लार्वा दिखाई दिए। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन थिएटर में उपचार शुरू किया। दो चरणों में हुई प्रक्रिया के दौरान पहली बार में करीब 45 और दूसरी बार में 10 से 15 लार्वा निकाले गए। डॉक्टरों के मुताबिक, मक्खी ने महिला की नाक में अंडे दिए थे, जिनसे ये लार्वा विकसित हुए। सफल उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

