17 साल की उम्र में अपराधी बना हिमांशु भाऊ, बर्गर किंग हत्याकांड से देशभर में आया चर्चा में
अमेरिका में गिरफ्तार गैंगस्टर पर हत्या, अपहरण और रंगदारी के 30 से अधिक मामले दर्ज, एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी के मामले में भी है आरोपी
हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, उसे अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो ने पकड़ा है। रोहतक के रिटौली गांव का रहने वाला हिमांशु हरियाणा और दिल्ली पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।
हिमांशु भाऊ महज 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में उतर गया था। वर्ष 2020 में वह हिसार के बाल सुधार गृह से 20 अन्य लड़कों के साथ फरार हो गया था। इसके बाद उसने अपना गिरोह बनाया। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी और हथियारों की तस्करी समेत 30 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
जून 2024 में दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग प्रतिष्ठान में अमन जूण की हत्या के बाद वह चर्चा में आया। अगस्त 2025 में एल्विश यादव के घर के बाहर गोलीबारी के मामले में भी उस पर आरोप है। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं।




