श्रेयस अय्यर की बड़ी उपलब्धि के करीब, शिखर धवन और विराट कोहली को पीछे छोड़ने का मौका
चोट से उबरकर शानदार वापसी करने वाले भारतीय उपकप्तान श्रेयस, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 3000 रन पूरे कर सकते हैं

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। अगर श्रेयस इस मैच में 34 या उससे अधिक रन बनाते हैं, तो वह वनडे में सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे, और इस मामले में शिखर धवन (72 पारियों में) और विराट कोहली (75 पारियों में) को पीछे छोड़ देंगे।
श्रेयस ने पहले वनडे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की थी। वडोदरा में खेले गए मैच में उन्होंने 47 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाए। इसके पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलकर फिटनेस साबित की थी। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ श्रेयस ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 82 रन बनाए और बीसीसीआई से फिटनेस सर्टिफिकेट हासिल किया।
अब यदि वह 3000 रन का मुकाम हासिल करते हैं, तो वह दुनिया के चौथे सबसे तेज बल्लेबाज बनेंगे और इस मामले में विवियन रिचर्ड्स की बराबरी करेंगे। श्रेयस का वनडे रिकॉर्ड 68 पारियों में 2966 रन और 47.83 के औसत का है, जिसमें पांच शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच बुधवार को खेला जाएगा, जहां श्रेयस अय्यर की नजरें इस अहम रिकॉर्ड पर टिकी होंगी।




