नैनीताल में दर्दनाक हादसा: बेकाबू जल संस्थान ट्रक ने दो महिला पर्यटकों को कुचला

मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का ट्रक अचानक भीड़ में घुस गया। हादसे में दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गईं।

उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार को एक भयावह सड़क हादसे ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। मल्लीताल स्थित पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का एक बेकाबू ट्रक अचानक भीड़ में घुस गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक महिला का हाथ और दूसरी महिला का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के बेकाबू होने की वजह तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही मानी जा रही है। इस घटना के बाद पर्यटक नगरी नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button