ब्रजघाट में अव्यवस्थाओं पर भड़के कमिश्नर, ईओ को लगाई जमकर फटकार
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों को मिली गंदगी, सफाई और व्यवस्थाओं में खामियां
हापुड़। कांवड़ यात्रा की तैयारियों में लापरवाही को लेकर मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था और अन्य इंतजामों में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी (ईओ) को कड़ी फटकार लगाई।
मंगलवार को मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ब्रजघाट पहुंचे और कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर मंडलायुक्त नाराज हो गए। उन्होंने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि आखिर यह कैसी तैयारी है। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, ब्रजघाट में ईओ को फटकार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक तैयारियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को समय रहते कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं।




