महिला कांग्रेस का प्रह्लाद जोशी के खिलाफ प्रदर्शन, बोली- महिलाओं का अपमान नहीं सहेगी जनता
देहरादून में कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला, ज्योति रौतेला ने बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून के एस्लेहॉल चौक पर प्रदर्शन किया और प्रह्लाद जोशी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और महिलाओं के सम्मान को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपने शब्दों और व्यवहार की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। महिलाओं का सम्मान करना हर व्यक्ति का दायित्व है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से समय-समय पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान सामने आते रहे हैं, जो समाज में गलत संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को महिलाओं का अपमान करने से पहले अपने आचरण और विचारों का आत्ममंथन करना चाहिए।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह की टिप्पणियां जारी रहीं तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


