आईसीसी रैंकिंग में वैभव की बड़ी छलांग, शुभमन गिल फिर बने वनडे के नंबर-1 बल्लेबाज

15 साल के सूर्यवंशी ने टी20 रैंकिंग में 230 स्थान सुधारे, जिम्बाब्वे सीरीज में शानदार प्रदर्शन का मिला फायदा

नई दिल्ली। आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है।

शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का स्थान दोबारा हासिल कर लिया। मिचेल इस साल जनवरी से शीर्ष स्थान पर बने हुए थे, लेकिन हालिया वेस्टइंडीज-न्यूजीलैंड सीरीज में नहीं खेलने का फायदा शुभमन गिल को मिला।

वहीं, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में दो अर्धशतक लगाए और कुल 151 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 50.33 का रहा।

शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव ने आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 230 स्थानों की लंबी छलांग लगाई और अब वह 48वें पायदान पर पहुंच गए हैं। इतनी कम उम्र में उनकी यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उम्मीद के तौर पर देखी जा रही है।

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज की थी। इस प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा नाम बन सकते हैं।

Related Articles

Back to top button