राहुल गांधी से दिल्ली रैली टालने की अपील, व्यापारियों ने जताई नाराजगी

व्यापारी बोले- दिवाली के कारोबार पर संकट न डालें, 10 लाख लोगों की भीड़ और 20 हजार वाहनों से दिल्ली में जाम की आशंका

दिल्ली में दिवाली के व्यस्त कारोबारी सीजन के बीच कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने राहुल गांधी से एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली स्थगित करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है।

सीटीआई अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि दिवाली के दौरान व्यापारियों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय है। रामलीला मैदान के आसपास चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार और करोल बाग समेत 20 बड़े थोक बाजार हैं। संगठन के मुताबिक, रैली में 10 लाख लोगों और 20 हजार वाहनों के पहुंचने की आशंका है। इससे यातायात बाधित होने के साथ बाजार बंद होने की नौबत आ सकती है।

व्यापारी संगठन ने दावा किया कि इससे 20 लाख व्यापारियों का 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है और 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आ सकता है। व्यापारियों ने राहुल गांधी से अपील की कि राजनीति के बाजार में मोहब्बत की दुकानें बंद न होने दें।

Related Articles

Back to top button