यूपी चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा दांव, एसआईआर और वोट चोरी पर भाजपा को घेरने की तैयारी
दिल्ली के रामलीला मैदान से 2027 के चुनाव का शंखनाद, अखिलेश यादव ने 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर उठाए सवाल; पीडीए और विपक्षी एकजुटता पर रहेगा जोर।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर व्यापक असर पड़ सकता है। उनके मुताबिक, औसतन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 31 हजार मतदाताओं के नाम प्रभावित होने का सवाल है। अखिलेश ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताते हुए विपक्षी एकजुटता का संदेश दिया। सपा आगामी चुनाव में पीडीए, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी, चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।



