समुद्री लुटेरों के कब्जे से 20 ईरानियों को भारतीय नौसेना ने बचाया, ईरान ने कहा शुक्रिया

सोमालिया के तट के पास 48 घंटे चला बचाव अभियान, नौसेना के युद्धपोत और वायुसेना के कमांडो ने मिलकर मुक्त कराया मछली पकड़ने वाला जहाज।

भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे से ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को मुक्त करा लिया। इस अभियान में जहाज पर सवार सभी 20 ईरानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। करीब 48 घंटे तक चले इस अभियान में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, समुद्री लुटेरों ने पिछले महीने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास जहाज का अपहरण कर लिया था। इसके बाद भारतीय नौसेना ने बचाव अभियान शुरू किया। अभियान में युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने मोर्चा संभाला, जबकि समुद्री निगरानी विमानों की मदद से जहाज की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान से नौसेना के मरीन कमांडो को जहाज तक पहुंचाया गया। कमांडो ने कार्रवाई कर जहाज को अपने नियंत्रण में ले लिया और सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया।

भारत की इस कार्रवाई पर ईरान ने आभार जताया है। नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने भारतीय नौसेना और वायुसेना के साहस, पेशेवर रवैये और समन्वय की सराहना की। ईरान ने इस अभियान को दोनों देशों की मित्रता और सहयोग का उदाहरण बताया।

Related Articles

Back to top button