धनतेरस पर शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स में 500 अंकों की जोरदार तेजी
वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार ने दिखाई मजबूती, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कंपनियों के बेहतर नतीजों से निफ्टी भी उछला
धनतेरस के दिन भारतीय शेयर बाजार में शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी में कमजोरी आई, लेकिन जल्द ही बाजार ने वापसी कर ली। सेंसेक्स करीब 593 अंक उछलकर 79,902 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 121 अंक बढ़कर 24,657 के पार कारोबार करता दिखा।
इस तेजी के पीछे विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी और घरेलू कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने करीब 35,781 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।
दूसरी ओर, अमेरिकी और एशियाई बाजारों में तकनीकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, एचसीएल टेक और इंफोसिस के शेयरों में तेजी रही, जबकि एशियन पेंट्स और बजाज फाइनेंस दबाव में रहे।


