लद्दाख में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, 17,582 फीट की ऊंचाई पर पहुंचेगी ट्रेन
1.31 लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजना से बदलेगी लद्दाख की तस्वीर, 489 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग में बनेंगी 62 सुरंगें और 116 पुल
लद्दाख के दुर्गम पहाड़ी इलाकों तक रेलगाड़ी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन के तहत तंगलांग ला दर्रे के पास टेंगला में समुद्र तल से 17,582 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। इसके बनने पर यह चीन के तांगगुला रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड तोड़ देगा।
करीब 1.31 लाख करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत 489 किलोमीटर लंबी रेललाइन बिछाई जाएगी। इसमें 270 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से गुजरेगा। पूरे मार्ग पर 62 सुरंगें और 116 पुल बनाने का प्रस्ताव है। हिमाचल प्रदेश के केलांग में देश का पहला भूमिगत रेलवे स्टेशन भी प्रस्तावित है।
परियोजना का सर्वेक्षण और विस्तृत रिपोर्ट तैयार हो चुकी है, लेकिन निर्माण शुरू करने के लिए औपचारिक मंजूरी बाकी है। रेल संपर्क से लद्दाख में पर्यटन, व्यापार, जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति और सैन्य आवाजाही को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
