कैथल में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत से मचा हड़कंप
सिसमौर नहर के पास पुलिया से टकराया वाहन, चार युवक गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने शुरू की जांच
हरियाणा के कैथल में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा सिसमौर नहर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकरा गया।
जानकारी के मुताबिक, करोड़ा गांव से सात युवक वाहन में सवार होकर कैथल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पुलिया से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय (29), नवदीप (20) और प्रदीप (32) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, नरेंद्र, साहिल, गौरव और अर्जुन घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शिकायत प्राप्त हो गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

